आईटीएस कॉलेज, मोहननगर में ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनने के लिए बीजेपी नेताओं का हुआ महाजुटान

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात के 96वें एपिसोड को पार्टी नेताओं ने ध्यान से सुना और जीवन में उसका अनुकरण करते रहने की प्रतिबद्धता जताई

    कमलेश पांडेय/विशेष संवाददाता
    गाजियाबाद। नगर निगम गाजियाबाद के संभावित चुनावों के मद्देनजर रविवार को आईटीएस कॉलेज, मोहननगर में मन की बात कार्यक्रम सुनने के लिए बीजेपी नेताओं का महाजुटान हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात के 96वें एपिसोड को पार्टी नेताओं ने ध्यान से सुना और जीवन में उसका अनुकरण करते रहने की प्रतिबद्धता जताई। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष के आने पर गाजियाबाद की पूरी भाजपाई पलटन वहीं मौजूद दिखाई दी, जिससे पार्टी की चुनावी समां एक बार फिर बंध गई।

    बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस वर्ष में आखिरी बार अपने ‘मन की बात’ जीभरकर की। रविवार सुबह 11 बजे उनके मासिक कार्यक्रम का प्रसारण हुआ। यह ‘मन की बात’ का 96वां एपिसोड था। इसमें पीएम मोदी ने 2022 की उपलब्धियों का जिक्र किया और कोरोना को लेकर सावधान रहने की हिदायत भी दी।

    उनके ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनने के लिए गाजियाबाद महानगर इकाई ने मोहन नगर स्थित आईटी एस कॉलेज में कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया। कार्यक्रम में विशेष रूप से गाजियाबाद पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने सबके साथ बैठकर कार्यक्रम को सुना।

    “मन की बात” कार्यक्रम की समाप्ति पर भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल और महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने संयुक्त रूप से अटल जी के चित्र पर पुष्पार्पण किया।

    जनपद की बूथ संख्या 501 पर आयोजित किए गए इस कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते समय प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने भारत रत्न पंडित अटल बिहारी वाजपेई और मदन मोहन मालवीय को याद किया। उन्होंने मन की बात के आयोजित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि पूरे प्रदेश में 1लाख 74 हजार बूथों पर प्रधानमंत्री मोदी के इस मन की बात कार्यक्रम को सुना गया है। उन्होंने आज के इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की उपस्थिति को गौरवपूर्ण बताते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

    राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस सफल कार्यक्रम के लिए महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, मंडल अध्यक्ष नीरज वर्मा, और बूथ अध्यक्ष मनोज पाल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि 3 अक्टूबर 2014 को माननीय प्रधानमंत्री द्वारा मन की बात का यह कार्यक्रम शुरू किया गया था जिसका आज 96 व संस्करण था।

    उन्होंने वहां उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं को मन की बात की रोचकता, उसकी प्रासंगिकता के लिए बधाई देते हुए कहा कि आज भी जनता प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को पसंद कर रही है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी खूबी यह है कि एक राजनीतिक व्यक्तित्व वाला व्यक्ति जो प्रधानमंत्री भी है, उसने आज तक इस कार्यक्रम के माध्यम से कोई भी राजनीतिक बात नहीं कहीं बल्कि सभी गैर राजनीतिक विषयों को रखा है। यह प्रधानमंत्री मोदी की दूरदृष्टि है।

    उन्होंने अपनी “मन की बात”कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक, चिकित्सा, बाल शिक्षा, परीक्षा और छुट्टियों में बच्चे क्या करें, त्यौहार कैसे मनाएं, पर्यावरण और जल पर भी चर्चा की है। आज के अपने मन की बात कार्यक्रम में उन्होंने कोरोना जैसी महामारी की वापसी पर संकेत के प्रति चिंता व्यक्त करते हुए यह भी बताया कि हमें कैसा व्यवहार करना चाहिए। उन्होंने एक नॉन स्टॉप ऑक्सीजन लेने वाली ट्रेन के ड्राइवर और पायलट से भी चर्चा की बात की। मन की बात के इस कार्यक्रम में माननीय प्रधानमंत्री ने हर पहलू को गंभीरता से चर्चा करते हुए रखा।

    श्री नड्डा ने वहां उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री की तरह हमारा भी दृष्टिकोण समाज के मुद्दों, समाज की सेवा, गरीब, वंचित, शोषित वर्ग के लिए अपना समर्पण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं को जोड़कर नए भारत के निर्माण के कार्यक्रमों पर होना चाहिए।

    कार्यक्रम का समापन क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने अपने संबोधन से किया। उन्होंने मन की बात के कार्यक्रम की सभी बातों को कार्यकर्ताओं से अपने जीवन में उतारने और समाज के बीच जाकर उनकी चर्चा करने का आव्हान किया। उन्होंने इस अवसर पर पधारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह का आभार व्यक्त करते हुए सभी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति को शानदार बताया।

    इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सांसद जनरल वीके सिंह, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी संजय मयूख, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप, विधायक अजीत पाल त्यागी, विधायक सुनील शर्मा, विधायक अतुल गर्ग, प्रदेश मंत्री प्रभारी अमित बाल्मीकि, एमएलसी दिनेश गोयल, पूर्व सांसद रमेश चंद्र तोमर, क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा, महापौर आशा शर्मा, अशोक मोंगा, अजय शर्मा, गोविंद चौधरी, विजय मोहन, मयंक गोयल, डॉक्टर वीरेश्वर त्यागी, बलदेव राज शर्मा, पवन गोयल, अनिल स्वामी, जगदीश साधना, राजेंद्र त्यागी, अनिल स्वामी, राजेश्वर प्रसाद, महामंत्री पप्पू पहलवान, गोपाल अग्रवाल, राजेश त्यागी, सुशील गौतम, बॉबी त्यागी, मीडिया विभाग के क्षेत्र संयोजक अमित त्यागी, संदीप त्यागी, मीडिया प्रभारी अश्वनी शर्मा, मीडिया संयोजक प्रदीप चौधरी, धीरज अग्रवाल, जयकमल अग्रवाल, संजीव चौधरी, गूंजन शर्मा, धीरज शर्मा, संजीव झा, महेन्द्र यादव, रुचि गर्ग, अनिता शर्मा, अर्चना सिंह, पूनम कौशिक, रिचा भदौरिया, ओपी अग्रवाल, विनय चौधरी, बूथ अध्यक्ष मनोज पाल, मंडल अध्यक्ष नीरज वर्मा आदि उपस्थित रहे।

    कार्यक्रम का संचालन महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने किया। कार्यक्रम की सफलता में मन की बात के महानगर संयोजक संजीव झा का सहयोग भी सराहनीय रहा।

Related Posts

Scroll to Top