- कवि सम्मेलन में हरप्रसाद शास्त्री चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से चार कवियों पदमश्री सुरेन्द्र शर्मा, पदमश्री अशोक चक्रधर, डा० सीता सागर व मनोज कुमार मनोज को सम्मानित किया जायेगा।
गाजियाबाद। हरप्रसाद शास्त्री चेरिटेबल ट्रस्ट (रजि०) द्वारा श्री हरप्रसाद शास्त्री जी के जन्म शताब्दी समापन समारोह के उपलक्ष्य में 14 अक्टूबर को शाम 6 बजे हिन्दी भवन में कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
हरप्रसाद शास्त्री चेरिटेबल ट्रस्ट के संरक्षक सत्य प्रकाश शर्मा, अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार व महासचिव ललित जायसवाल ने आरडीसी स्थित एक रेस्टोरेन्ट में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि इस कवि सम्मेलन की अध्यक्षता पदमश्री सुरेन्द्र शर्मा व संचालन डा० प्रवीण शुक्ल करेंगे। कवि सम्मेलन में पदमश्री अशोक चक्रधर, डा० विष्णु सक्सैना, डा० कीर्ति काले, श्रीमती अंजु जैन, राज कौशिक, मनोज कुमार मनोज अपना काव्य पाठ करेंगे।
कवि सम्मेलन में हरप्रसाद शास्त्री चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से चार कवियों पदमश्री सुरेन्द्र शर्मा, पदमश्री अशोक चक्रधर, डा० सीता सागर व मनोज कुमार मनोज को सम्मानित किया जायेगा। इनके अलावा कन्या वैदिक इन्टर कालिज की हाई स्कूल व इण्टरमीडिएट में अपने वर्ग में सार्वधिक अंक लाने वाली 6 छात्राओं व सनातन धर्म इण्टर कालिज के 6 छात्रों, दूधेश्वरनाथ वेद विद्यापीठ से संस्कृत के एक शोध छात्र एवं एमएमएच कालिज की एमए संस्कृत की एक छात्रा को सम्मानित किया जाएगा।
ट्रस्ट के संरक्षक सत्यप्रकाश शर्मा ने बताया कि ट्रस्ट अब साहित्य व शिक्षा के क्षेत्र के साथ-साथ ही अब इंजीनियरिंग के छात्रों को भी सम्मानित किया जाने पर विचार कर रहा है। उन्होंने कहा कि उनके पिता श्री पंडित हरप्रसाद शास्त्री की याद में होने वाले कार्यक्रम में इस बार उनके परिवार को 15 सदस्य अमेरिका से भाग लेने के पधार रहे हैं। इनमें तीन पीढियां उनके पुत्र, पौत्र व प्रपौत्र शामिल हैं। प्रेस वार्ता में वरिष्ठ पत्रकार-कवि राज कौशिक, अमेरिका से आये स्व. हरप्रसाद शास्त्री के कनिष्ठ पुत्र जितेन्द्र कुमार, पुत्री मधु शर्मा भी उपस्थित थीं।