- श्रीमहंत नारायण गिरि के मार्गदर्शन में आयोजित महायज्ञ में 5 लाख बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।
दिल्ली। अयोध्या के राम मंदिर के लिए अपना बलिदान देने वाले 5 लाख पूर्वजों के तर्पण के लिए शनिवार को महायज्ञ यूनाइटेड हिंदू फ्रंट के शाहदरा चौक स्थित मुख्यालय पर हुआ।
महायज्ञ श्री दूधेश्वर पीठाधीश्वर, श्री पंच दशनाम जूना अखाडा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता, दिल्ली संत महामंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व हिंदू यूनाइटिड फ्रंट के अध्यक्ष श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज के मार्गदर्शन में हुआ। श्रीमहंत नारायण गिरि ने कहा कि 5 लाख पूर्वजों के बलिदान के चलते ही हमें यह स्वर्णिम पल प्राप्त हुआ कि अयोध्या में भगवान श्रीराम की जन्म भूमि पर भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर जनवरी 2024 तक तैयार हो जाएगा। श्रीमहंत नारायण गिरि ने कहा कि संतों के सानिध्य में 1528 ईसवी से लेकर 1992 तक लगभग 500 वर्षों में श्रीराम जन्म भूमि मुक्ति आंदोलन में हम सभी के 5 लाख पूर्वजों ने अपना बलिदान दिया। उनके बलिदान से ही हमें आज यह स्वर्णिम अवसर प्राप्त हुआ है कि आज अयोध्या में भगवान श्रीराम का ऐसा भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है कि जो पूरे विश्व में भारत व सनातन धर्म का प्रकाश फैलाएगा तथा आध्यात्म व मानवता की ज्योत से पूरे विश्व को प्रकाशित करेगा। अपने ऐसे महान पूर्वजों को नमन करने के लिए ही अमावस्या पर उन सभी के तर्पण हेतु महायज्ञ का आयोजन किया गया और उनसे सनातन धर्म व भारत को निरंतर मजबूत करने का आशीर्वाद भी लिया गया।
यूनाइटिड हिंदू फ्रंट के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जयभगवान गोयल ने बताया कि अयोध्या के राम मंदिर के लिए जिन पूर्वजों ने अपना बलिदान दिया, उन सभी को श्रद्धापूर्वक नमन करने के उददेश्य से ही श्रीमहंत नारायण गिरि के मार्गदर्शन में महायज्ञ का आयोजन किया गया जिसमें हजारों लोगों ने आहुति दी।